राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित न्यू सर्किट हाउस में छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ की एग्जीक्यूटिव बॉडी मीटिंग एवं जनरल काउंसिल मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी शामिल हुए।
बैठक के दौरान प्रदेश में खेल गतिविधियों के विस्तार और आगामी आयोजनों को लेकर विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
ओलंपिक दिवस और नेशनल गेम्स पर चर्चा
बैठक में 23 जून को ओलंपिक दिवस के आयोजन, विभिन्न खेल गतिविधियों और नेशनल गेम्स से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही खेल संघों की आवश्यकताओं और आगामी गतिविधियों के लिए जरूरी बजटीय प्रावधानों पर भी विचार हुआ।
संघ की आय-व्यय की जानकारी भी बैठक में प्रस्तुत की गई।
नए जिलों में ओलंपिक संघ गठन पर सहमति
बैठक में वर्तमान जिला ओलंपिक संघों के अतिरिक्त प्रदेश के अन्य जिलों में भी जिला ओलंपिक संघ गठित करने के लिए समिति बनाए जाने पर सहमति प्रदान की गई।
इसके अलावा हैंडबॉल एसोसिएशन सहित विभिन्न खेल संघों से जुड़े विषयों तथा प्रदेश में खेल गतिविधियों के विस्तार पर भी चर्चा हुई।
खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता और पदक तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और सकारात्मक ऊर्जा विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के अनुरूप तैयार करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए खेल अधोसंरचना के विकास के साथ प्रशिक्षण और प्रतिभा चयन की व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है।
गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं की पहचान पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। प्रदेश के गांवों, वनांचलों और दूरस्थ क्षेत्रों में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि आवश्यकता है कि उनकी समय पर पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं। राज्य सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है।
ओलंपिक संघ के पदाधिकारी और खेल संघों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष विजय बघेल, हिमांशु द्विवेदी, शरद शुक्ला, रमेश कुमार श्रीवास्तव और सुनील कुमार अग्रवाल समेत छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के पदाधिकारी, विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे।
