बोकारो के पेटरवार में सड़क हादसा, आक्रोश रैली जा रहे 7 लोग घायल

बोकारो के पेटरवार में सड़क हादसा, आक्रोश रैली जा रहे 7 लोग घायल

पेटरवार में आक्रोश रैली के दौरान सड़क हादसा

बोकारो: रामगढ़ जिले के सिरका से आजसू के स्थापना दिवस पर आयोजित आक्रोश रैली में शामिल होने धनबाद जा रहे लोगों की अर्टिगा कार पेटरवार में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा पेटरवार थाना क्षेत्र के एनएच-320 स्थित राम-जानकी मंदिर के सामने हुआ।

दुर्घटना में अर्टिगा कार (जेएच 24 एन 5675) में सवार सात लोग घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को तत्काल पेटरवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

ट्रक की टक्कर के बाद बिगड़ा संतुलन

जानकारी के अनुसार, सिंदरी से खाद लेकर आ रहा 14 चक्का ट्रक (सीजी 04 एमओ 6303) अपने आगे चल रहे हाईवा (जेएच 10 ए एक्स 8061) से पीछे से टकरा गया। टक्कर के बाद हाईवा अनियंत्रित हो गया और आक्रोश रैली में जा रही अर्टिगा कार को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगने के बाद हाईवा सड़क किनारे बनी नाली को पार करते हुए जाकर रुका। वाहन एक घर में घुसने से बाल-बाल बच गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

हाईवा चालक भी हुआ घायल

दुर्घटना के दौरान हाईवा चालक का पैर वाहन में फंस गया था। स्थानीय लोगों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

एक घायल को किया गया रेफर

पेटरवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. संजय कुमार द्वारा घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। घायलों में से एक व्यक्ति के माथे में गंभीर चोट लगने के कारण उसे सीटी स्कैन के लिए प्राथमिक उपचार के बाद बाहर रेफर कर दिया गया।

हादसे में घायल लोगों के नाम

इस सड़क दुर्घटना में परमेश्वर राम, कैलाश महतो, नागो भुईया, निभाष मंडल, नेशा अंसारी, शिवा महतो और शाहिद अंसारी घायल हुए हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *