छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने नवा रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली। उन्होंने सभी विभागों के सचिवों को सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के पेंशन, ग्रेच्युटी और विभागीय प्रकरणों का निराकरण रिटायरमेंट से पहले करने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज करने को कहा।
मुख्य सचिव विकासशील की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक
छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने नवा रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में राज्य शासन के समस्त विभागों के भार साधक सचिवों की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने विभागीय कार्यों, फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति और जनसेवा से जुड़े विषयों की गहन समीक्षा की। उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी व सुदृढ़ बनाने के लिए अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों के प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सेवा निवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के पेंशन, ग्रेच्युटी और अन्य विभागीय प्रकरणों का निराकरण उनके रिटायर होने की तारीख से पहले ही पूर्ण कर लिया जाए। इससे कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके लिए उन्होंने सभी विभागों को सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की अवधि आधारित सूची तैयार करने के निर्देश दिए।
रिक्त पदों पर भर्ती और लोक सेवा गारंटी की समीक्षा
बैठक में विभागों में रिक्त पदों और डिजिटल गवर्नेंस को लेकर कई महत्त्वपूर्ण निर्णय लिए गए:
- भर्ती प्रक्रिया व बैकलॉक: विभागों में रिक्त पड़े पदों और बैकलॉक के पदों का नया सेटअप बनाकर भर्ती प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए।
- लोक सेवा गारंटी अधिनियम: समीक्षा के दौरान बताया गया कि प्रदेश में लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत अब तक 728 नागरिक सेवाओं को नोटिफाइड किया जा चुका है।
- डिजिटल गवर्नेंस व प्रशिक्षण: आई-गॉट (iGOT) कर्मयोगी पोर्टल के तहत कर्मचारियों के प्रशिक्षण और आगामी ‘रिफॉर्म उत्सव अभियान’ के लिए विभागों को सुधार आधारित जानकारियां तैयार करने को कहा गया।
