रायपुर: सुधीर साहू। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और अद्वितीय रामनामी समुदाय पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘राम-नामी’ को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने यह सम्मान प्रदान किया, जिसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि को पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण बताया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों मिला सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र का पुरस्कार
छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर बड़ी पहचान मिली है। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में प्रदेश के विशेष रामनामी समुदाय की आस्था और परंपराओं को दर्शाने वाली डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘राम-नामी’ को सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
यह गौरवपूर्ण सम्मान नई दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि रामनाम ही जिनका धर्म और रामभक्ति ही जिनका कर्म है, ऐसे पवित्र रामनामी समुदाय की आस्था और साधना की अपनी एक विशिष्ट पहचान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनामी समुदाय के लोगों के शरीर पर अंकित ‘राम’ नाम केवल अक्षर नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही अटूट आस्था, साधना और समर्पण का प्रतीक है।
सांस्कृतिक विरासत और लोक आस्था को मिली नई पहचान
मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि राम नाम को समर्पित इस समुदाय की अनूठी जीवनशैली और सांस्कृतिक परंपराओं को ‘राम-नामी’ डॉक्यूमेंट्री के जरिए देश और दुनिया के सामने बेहद प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि ने छत्तीसगढ़ की लोक आस्था और सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय पटल पर नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। यह सम्मान राज्य की लोक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए भी प्रेरणादायी साबित होगा।
निर्देशक भरतबाला गणपति और पूरी टीम को दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फिल्म के निर्देशक भरतबाला गणपति और ‘राम-नामी’ की पूरी निर्माण टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि रामनामी समुदाय की इस अद्वितीय परंपरा को व्यापक स्तर पर सामने लाने वाली यह डॉक्यूमेंट्री फिल्म राज्य की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
