रांची: झारखंड में आज शहरी सरकार के गठन के लिए बड़ा लोकतांत्रिक उत्सव आयोजित हो रहा है। राज्य के 48 नगर निकाय क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के बीच मतदाता अपने प्रतिनिधियों के चयन के लिए वोट डाल रहे हैं। इस चुनाव में कुल 43 लाख 33 हजार 574 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
इनमें 22 लाख 07 हजार 203 पुरुष मतदाता, 21 लाख 26 हजार 227 महिला मतदाता और 144 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इस बार चुनाव गैर दलीय आधार पर हो रहा है, हालांकि विभिन्न राजनीतिक दलों ने अपने-अपने समर्थित उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। मतदाता मेयर और पार्षद पदों के लिए मतदान कर रहे हैं।
बैलेट पेपर से हो रही वोटिंग
राज्य में मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जा रहा है। मेयर पद के लिए गुलाबी रंग का बैलेट पेपर और पार्षद पद के लिए सफेद रंग का बैलेट पेपर उपयोग में लाया जा रहा है। इस चुनाव में ईवीएम का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है और न ही नोटा का विकल्प उपलब्ध है।
झारखंड में कुल 48 नगर निकायों में मतदान हो रहा है, जिनमें 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत शामिल हैं। इनमें से 13 निकायों में वर्ष 2020 से चुनाव लंबित थे, जबकि रांची समेत अन्य नगर निगमों और निकायों में 2022 से चुनाव नहीं हो पाए थे। ऐसे में यह चुनाव लंबे इंतजार के बाद आयोजित हो रहा है।
4304 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा
चुनाव के लिए पूरे राज्य में 1087 वार्डों के 4304 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। करीब 50 हजार से अधिक मतदानकर्मियों की तैनाती की गई है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन का दावा है कि मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर बुनियादी सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सार्वजनिक अवकाश की घोषणा
मतदान को लेकर राज्य सरकार ने संबंधित नगर निकाय क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है। मतदाता वोटर आईडी के अलावा निर्वाचन आयोग द्वारा मान्यता प्राप्त 12 अन्य सरकारी और गैर-सरकारी फोटो पहचान पत्रों के आधार पर भी मतदान कर सकते हैं।
6124 प्रत्याशी मैदान में
इस चुनाव में कुल 6124 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें मेयर, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के लिए 562 उम्मीदवार हैं, जबकि 5562 उम्मीदवार वार्ड पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही 41 वार्ड पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। शेष सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है।
पोस्टल बैलेट की सुविधा नहीं
इस बार शहरी निकाय चुनाव में पोस्टल बैलेट की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है। ऐसे में चुनाव ड्यूटी में तैनात कई कर्मचारी अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर पाएंगे। इसे लेकर कुछ कर्मचारियों में असंतोष भी देखा गया है।
27 फरवरी को मतगणना
मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को सुरक्षित स्थानों पर सील कर रखा जाएगा। 27 फरवरी को मतों की गिनती की जाएगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है। आज का मतदान झारखंड के शहरी प्रशासन की दिशा और दशा तय करेगा।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक सतर्कता और मतदाताओं के उत्साह के बीच झारखंड के 48 नगर निकायों में लोकतंत्र का यह महापर्व जारी है। अब सबकी नजरें 27 फरवरी को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं।
