कांके थाना में मुहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक
रांची: मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर कांके थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ विजय कुमार एवं डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने की। बैठक में शांति समिति के सदस्यों, अखाड़ा कमेटियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
मुहर्रम का संदेश त्याग, बलिदान और इंसानियत
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ विजय कुमार ने मुहर्रम पर्व के धार्मिक महत्व और इसकी परंपराओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुहर्रम त्याग, बलिदान और इंसानियत का संदेश देने वाला पर्व है।
उन्होंने सभी लोगों से आपसी भाईचारे, सहयोग और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की, ताकि क्षेत्र में शांति और सामाजिक समरसता बनी रहे।
प्रशासनिक निर्देशों के पालन की अपील
डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने बैठक में उपस्थित सभी अखाड़ा एवं मुहर्रम कमेटियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है।
पारंपरिक मार्गों से निकलेगा जुलूस
थाना प्रभारी कुणाल कुमार ने स्वागत भाषण एवं धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी से शांतिपूर्ण ढंग से मुहर्रम मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुहर्रम जुलूस निर्धारित एवं पारंपरिक मार्गों से ही निकाला जाए।
उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया, ताकि पर्व का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
बैठक में थाना प्रभारी कुणाल कुमार, एसआई अरविंद कुमार, भीम सिंह, अंजय बैठा, सोमा उरांव, बीरेंद्र तिवारी, पंचायत समिति सदस्य लालचंद सोनी, जमील अख्तर, सज्जाद अंसारी सहित शांति समिति के सदस्य एवं क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सज्जाद अंसारी ने किया।
