रांची में लोकहित अधिकार Party की प्रदेश कोर कमेटी की बैठक संपन्न
रांची: कांके के भामाशाह नगर रिंग रोड स्थित प्रदेश अध्यक्ष हरिनाथ साहू के आवासीय कार्यालय में लोकहित अधिकार पार्टी की प्रदेश कोर कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और विभिन्न जनहित के मुद्दों पर आगामी रणनीति तय की गई।
1 से 15 जुलाई तक चलेगा राज्यव्यापी सदस्यता अभियान
बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 1 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक प्रदेश अध्यक्ष हरिनाथ साहू के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल राज्यव्यापी दौरा और प्रवास कार्यक्रम चलाएगा। इस दौरान विभिन्न जिलों में सदस्यता अभियान को गति देने और संगठन को जमीनी स्तर तक विस्तार देने पर जोर रहेगा।
कई जन मुद्दों पर आंदोलन की रूपरेखा तैयार
कोर कमेटी की बैठक में राज्य के विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इनमें छात्रों के भविष्य से जुड़े पेपर लीक मामलों, प्रखंड और अंचल कार्यालयों में कथित भ्रष्टाचार, विस्थापन और विस्थापितों को न्याय दिलाने जैसे विषय शामिल रहे।
इसके अलावा सभी स्तरों पर निःशुल्क शिक्षा और चिकित्सा व्यवस्था लागू करने, सहारा पल्स सहित विभिन्न चिटफंड कंपनियों में फंसे निवेशकों को उनका पैसा ब्याज सहित वापस दिलाने और ओबीसी आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
ओबीसी आरक्षण और जाति जनगणना पर जागरूकता अभियान
बैठक में ओबीसी आरक्षण एवं जाति जनगणना में ओबीसी कॉलम को हटाने के विषय को लेकर विशेष जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। पार्टी ने इन मुद्दों पर व्यापक स्तर पर आंदोलन और जनसंपर्क कार्यक्रम चलाने की रूपरेखा तैयार की।
बैठक में कई पदाधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष हरिनाथ साहू, प्रदेश वरीय उपाध्यक्ष रामविलास साव, प्रदेश महासचिव सह सदस्यता प्रभारी प्रमोद प्रसाद गुप्ता, प्रदीप ठाकुर, पलामू प्रमंडल प्रभारी कपिल साहू, कांके विधानसभा प्रभारी मुकुल नायक, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दानेश्वर साहू, रांची जिला अध्यक्ष प्रेमचंद साहू, मोहम्मद जुल्फान अंसारी, बिंदेश्वर साहू तथा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार गौतम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
