छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के ग्राम मरकाटोला (लारागांव) में बुधवार सुबह शावक की मौत से आक्रोशित मादा भालू के हमले में दो ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद रायपुर से पहुंची विशेषज्ञ टीम ने चार घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान भालू को ट्रैंक्विलाइज कर काबू में किया।
KANKER: शावक की मौत से बौखलाई मादा भालू ने किया हमला, 2 की हुई मौत, रायपुर से आई विशेषज्ञ टीम ने ट्रैंक्विलाइज कर किया काबू
कांकेर: जिला मुख्यालय से 15 किलोमीटर दूर ग्राम मरकाटोला, लारागांव में बुधवार सुबह मादा भालू के हमले से 2 ग्रामीणों की मौत हो गई, वहीं एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। हमले के बाद वन विभाग और विशेषज्ञों की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद भालू को रेस्क्यू कर पकड़ लिया।
शावक की मौत के बाद आक्रामक हुई मादा भालू
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना से एक दिन पहले इसी गांव के जंगल में एक भालू (शावक) मृत पाया गया था। मृत भालू के आसपास अन्य भालुओं के झुंड को मंडराते देखा गया था। अपने शावक की मौत से बौखलाई मादा भालू ने आज सुबह तीन ग्रामीणों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दो ग्रामीणों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया।
4 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, भालू को किया बेहोश
घटना के बाद ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। रायपुर से पहुंची वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम ने लगभग 4 घंटे की मशक्कत के बाद भालू को ट्रैंक्विलाइजर डार्ट की मदद से बेहोश कर काबू में किया। रेस्क्यू के दौरान आक्रामक भालू ने वन विभाग के वाहन पर भी हमला किया, लेकिन टीम ने संयम बरतते हुए उसे सुरक्षित वाहन में जिला मुख्यालय पहुंचा दिया।
गांव में तनाव और पुलिस से धक्का-मुक्की
घटना के बाद इलाके में दहशत और भारी जनाक्रोश देखा गया। भालू के बेहोश होने के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने उस पर हमले की कोशिश की। इसे रोकने पहुंचे वन अमले और पुलिसकर्मियों के साथ ग्रामीणों की धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए भालू को सुरक्षित निकाल लिया।
