छत्तीसगढ़: बिजली कंपनी के IPO का कांग्रेस ने किया विरोध, बैज ने लगाए आरोप

छत्तीसगढ़ में बिजली कंपनी के IPO और निजीकरण के विरोध में बयान देते कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज।

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य की विष्णुदेव साय कैबिनेट द्वारा पावर जनरेशन और ट्रांसमिशन कंपनियों के लिए शेयर बाजार (IPO/बॉन्ड) से जुड़े फैसले का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने राज्य सरकार पर सार्वजनिक विद्युत उपक्रम को उद्योगपतियों और अडानी समूह को बेचने का आरोप लगाते हुए इसे जनविरोधी फैसला बताया है।

CG Congress: छत्तीसगढ़ में बिजली कंपनी के IPO का कांग्रेस ने किया विरोध, दीपक बैज बोले- ‘पावर ट्रांसमिशन को अडानी को बेचने की साजिश’

रायपुर: छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय कैबिनेट द्वारा राज्य की पावर जनरेशन और ट्रांसमिशन कंपनियों को लेकर लिए गए फैसले पर प्रदेश में सियासत गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (PCC Chief) दीपक बैज ने सरकार के इस कदम को जनविरोधी बताते हुए राज्य विद्युत मंडल को निजी हाथों में सौंपने की साजिश करार दिया है।

कंपनियों को शेयर मार्केट में लिस्टेड करने पर सवाल

दीपक बैज ने कहा कि साय सरकार राज्य की आत्मनिर्भर विद्युत कंपनियों को शेयर मार्केट में लिस्टेड कर निजीकरण की ओर ले जाने का प्रयास कर रही है। उल्लेखनीय है कि राज्य मंत्रिमंडल ने छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड (CSPGCL) द्वारा 200 करोड़ रुपये तक के नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर (NCD)/बॉन्ड जारी कर उन्हें स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

पावर ट्रांसमिशन को बेचने का गंभीर आरोप

दीपक बैज ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की विद्युत कंपनियां पूरी तरह आत्मनिर्भर हैं और राज्य के पास बिजली उत्पादन के पर्याप्त संसाधन मौजूद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शेयर निकालकर इस सार्वजनिक उपक्रम को उद्योगपतियों, विशेषकर अडानी समूह को पिछले दरवाजे से बेचने की जमीन तैयार कर रही है। बैज के अनुसार, यह फैसला राज्य सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन का सीधा नतीजा है।

कांग्रेस पार्टी करेगी कड़ा विरोध

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व की नीतियों का हवाला देते हुए कहा कि सरकार ने पहले बिजली की दरों में बढ़ोतरी की, 400 यूनिट तक मिलने वाली ‘बिजली बिल हाफ योजना’ को बंद किया और स्मार्ट मीटर के नाम पर आम जनता से वसूली की। इसके बावजूद वित्तीय स्थिति न सुधार पाने के बाद अब पूरी कंपनी को ही निजी हाथों में बेचने का षड़यंत्र रचा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस फैसले का हर स्तर पर कड़ा विरोध करेगी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *