खूंटी में एमवीआई पर मारपीट का आरोप, ट्रक चालकों ने की एफआईआर की मांग

खूंटी में एमवीआई पर मारपीट का आरोप, ट्रक चालकों ने की एफआईआर की मांग

रांची/खूंटी: जिले में ओवरलोड और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ चल रहे जांच अभियान के बीच एक नया विवाद सामने आया है। एक ट्रक चालक ने मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) पर मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। मामले को लेकर ट्रक चालकों में नाराजगी है और ट्रक एसोसिएशन ने खूंटी थाना में लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

चालक का आरोप क्या है

हजारीबाग के बरही निवासी ट्रक चालक रमेश कुमार यादव ने बताया कि 28 फरवरी को वह रायगढ़ से सीमेंट लेकर रांची आ रहे थे। कालामाटी स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास उनका ट्रक खड़ा था, तभी एमवीआई मो. शहनवाज सिविल ड्रेस में पहुंचे और कागजात की जांच करने लगे।
चालक का आरोप है कि पहचान पत्र दिखाने की मांग करने पर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोट आई। उनका यह भी कहना है कि जांच में कोई गड़बड़ी नहीं मिलने के बावजूद उन पर 54 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

ड्राइवर संघ की मांग

घटना के बाद ऑल झारखंड ड्राइवर संघ के सदस्य थाना पहुंचे और संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ट्रक चालकों ने चेतावनी दी है कि यदि प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे।

एमवीआई ने आरोपों से किया इनकार

एमवीआई मो. शहनवाज ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि वाहन की जांच नियमानुसार की गई थी और चालक ने जांच के दौरान अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने दावा किया कि कार्रवाई से बचने के लिए ही मारपीट का आरोप लगाया गया है।

जांच अभियान जारी रहेगा

एमवीआई के अनुसार जिला प्रशासन के निर्देश पर ओवरलोड और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिससे सड़क हादसों में कमी आई है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *