महासमुंद के भलेसर रोड स्थित वैद्य फूड्स पर एनालॉग पनीर के निर्माण और विक्रय की आशंका में राजस्व, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात छापा मारा। अधिकारियों ने मौके से 200 किलो संदिग्ध पनीर जब्त कर सैंपल रायपुर लैब भेजे हैं।
महासमुंद में एनालॉग पनीर की आशंका पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में स्थित भलेसर रोड पर देर रात प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रतिबंधित और मिलावटी एनालॉग पनीर के निर्माण की सूचना पर राजस्व, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने वैद्य फूड्स में आधी रात 12 बजे दबिश दी।
तीन घंटे चला निरीक्षण, 200 किलो संदिग्ध पनीर जब्त
अधिकारियों की टीम जब मौके पर पहुंची, तो वहां पनीर बनाने का काम जारी था। पनीर की गुणवत्ता और उसमें इस्तेमाल की जा रही सामग्री पर संदेह होने के बाद लगभग तीन घंटे तक गहन जांच की गई। टीम ने मौके से 200 किलोग्राम संदिग्ध पनीर को जब्त किया और निर्माण प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज कब्जे में लिए।
कोल्ड स्टोरेज से लिए गए सैंपल, रायपुर लैब भेजे गए
कार्रवाई के अगले दिन सुबह अधिकारियों ने सील किए गए कोल्ड स्टोरेज को खोलकर खाद्य सामग्री का निरीक्षण किया। पनीर के सैंपल एकत्र कर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजे गए हैं। अभिहित अधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि लैब रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
