सड़क हादसे के बाद भड़का आक्रोश, स्कूल बसों में तोड़फोड़ और पथराव; हालात काबू में करने को पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले, किया हल्का बल प्रयोग

सड़क हादसे के बाद भड़का आक्रोश, स्कूल बसों में तोड़फोड़ और पथराव; हालात काबू में करने को पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले, किया हल्का बल प्रयोग

पाकुड़: मंगलवार को हुए एक सड़क हादसे के बाद जिले में हालात तनावपूर्ण हो गए। घटना से आक्रोशित लोगों का गुस्सा धीरे-धीरे भड़क उठा और इसका असर आसपास के इलाकों में देखने को मिला। स्थिति यहां तक पहुंच गई कि स्कूल और कॉलेज के आसपास भी प्रदर्शन शुरू हो गया। एक ओर प्रशासन सड़क जाम कर रहे लोगों को समझाने में जुटा रहा, वहीं दूसरी ओर पथराव और हंगामा कर रहे उपद्रवियों पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

ग्रामीणों ने एक विद्यालय और बीएड कॉलेज का घेराव कर दिया। इस दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर पथराव किया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले छोड़े, लेकिन जब स्थिति नियंत्रण में नहीं आई तो लाठीचार्ज किया गया। लाठीचार्ज के बाद प्रदर्शनकारी मौके से भागने लगे। पुलिस ने विद्यालय के आसपास जमा भीड़ को हटाकर पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया।

इस दौरान हुए पथराव में एक चौकीदार के घायल होने की सूचना है। वहीं उपद्रवियों ने विद्यालय की करीब आधा दर्जन बसों को क्षतिग्रस्त कर दिया। एहतियातन स्कूल और कॉलेज परिसर में भारी संख्या में महिला-पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रदर्शनकारियों ने सड़क के बीच लकड़ियां जलाकर पाकुड़-बरहरवा मुख्य मार्ग को भी जाम कर दिया। विरोध के चलते स्कूल के छात्र अभी भी परिसर के अंदर ही फंसे हुए हैं।

इधर गांधी चौक पर सड़क जाम कर रहे लोगों को समझाने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी, अंचलाधिकारी कुमार अरविंद बेदिया और नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं।

दरअसल, इससे पहले मंगलवार को गांधी चौक के पास एक स्कूल बस ने स्कूटी सवार युवक को कुचल दिया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान तलवाडांगा गांव निवासी 18 वर्षीय मृदुल चंद्र के रूप में हुई है। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया और बस जब्त करने, चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने इसकी अनुमति नहीं दी। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक बस जब्त नहीं होती और चालक की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक सड़क जाम जारी रहेगा। इस दौरान पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।

हादसे के बाद सड़क जाम कर रहे लोगों ने अन्य वाहनों और एंबुलेंस को भी घटनास्थल से लौटा दिया। पुलिस के वरीय अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी लगातार लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *