छत्तीसगढ़ की बेटी पल्लवी नायक और उनके पति विक्रम नायक द्वारा मेलबर्न में शुरू की गई सोशल मीडिया मार्केटिंग एजेंसी ‘Social Sage’ ने ‘2026 ऑस्ट्रेलियन वूमेन्स स्मॉल बिजनेस चैंपियन अवॉर्ड्स’ में प्रतिष्ठित ‘चैंपियन मार्केटिंग सर्विसेज’ का खिताब जीता है।
छत्तीसगढ़ की बेटी पल्लवी नायक ने ऑस्ट्रेलिया में अपनी प्रतिभा, मेहनत और उद्यमिता का परचम लहराया है। मेलबर्न स्थित उनकी सोशल मीडिया मार्केटिंग एजेंसी ‘Social Sage’ ने 2026 ऑस्ट्रेलियन वूमेन्स स्मॉल बिजनेस चैंपियन अवॉर्ड्स (2026 Australian Women’s Small Business Champion Awards) में ‘चैंपियन मार्केटिंग सर्विसेज’ (Champion Marketing Services) श्रेणी का प्रतिष्ठित सम्मान हासिल किया है। पल्लवी नायक डॉ. किरणमयी नायक की बहू हैं।
5,000 से अधिक नामांकनों के बीच हासिल की उपलब्धि
26 सितंबर 2026 को सिडनी के फुर्लटन होटल में आयोजित भव्य पुरस्कार समारोह में ऑस्ट्रेलिया के विभिन्न हिस्सों से लगभग 800 दावेदार शामिल हुए थे। आयोजकों के अनुसार, इस प्रतियोगिता में 5,000 से अधिक व्यवसायों के नामांकन आए थे।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच ‘Social Sage’ ने पहले शीर्ष 25 (Top 25) में जगह बनाई। इसके बाद अंतिम चरण में कंपनी शीर्ष 10 विजेताओं में शामिल हुई और मार्केटिंग सर्विसेज श्रेणी में ‘चैंपियन’ का खिताब अपने नाम किया।
2022 से शुरू हुआ सफर, भारत और दुबई तक विस्तार
पल्लवी नायक और उनके पति विक्रम नायक ने वर्ष 2022 में मेलबर्न से ‘Social Sage’ की शुरुआत की थी। यह कंपनी सोशल मीडिया मार्केटिंग, डिजिटल स्ट्रैटेजी, ब्रांडिंग और डिजिटल ग्रोथ के क्षेत्र में सेवाएं प्रदान करती है।
ऑस्ट्रेलियाई बाजार में मजबूत पहचान बनाने के बाद, कंपनी ने अपने कारोबार का विस्तार भारत और दुबई तक कर लिया है। कंपनी का मुख्य उद्देश्य व्यवसायों और ब्रांड्स को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और उनकी डिजिटल ग्रोथ में मदद करना है।
छत्तीसगढ़ और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान
‘Social Sage’ को मिला यह पुरस्कार उनके परिवार के साथ-साथ छत्तीसगढ़ राज्य के लिए भी गौरव का विषय है। ऑस्ट्रेलियन वूमेन्स स्मॉल बिजनेस चैंपियन अवॉर्ड्स को ऑस्ट्रेलिया में छोटे व्यवसायों, उद्यमिता, नवाचार और महिला नेतृत्व को सम्मानित करने वाले प्रमुख मंचों में गिना जाता है। पल्लवी नायक और विक्रम नायक की यह सफलता उनके नेतृत्व और अंतरराष्ट्रीय व्यापार विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
