उत्तर प्रदेश के एटा जिले में कोचिंग के छोटे बच्चों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक रील्स बनवाने का मामला सामने आया है। ‘प्रतिभा एडू स्क्वॉड’ नाम से इंस्टाग्राम हैंडल चलाने वाली होम ट्यूटर के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है, वहीं राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भी कड़ा संज्ञान लिया है।
उत्तर प्रदेश के एटा जिले में बच्चों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर नफरत से भरी और आपत्तिजनक रील्स बनवाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ट्यूशन पढ़ाने वाली एक महिला होम ट्यूटर पर आरोप है कि उसने अपने कोचिंग सेंटर के मासूम बच्चों से राजनीतिक रूप से संवेदनशील और आपत्तिजनक रील्स बनवाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं।
‘प्रतिभा एडू स्क्वॉड’ इंस्टाग्राम हैंडल से रील्स वायरल
एटा पुलिस के अनुसार, आरोपी होम ट्यूटर की पहचान ‘प्रतिभा’ के रूप में हुई है, जो इंस्टाग्राम पर ‘प्रतिभा एडू स्क्वॉड’ नाम से सोशल मीडिया अकाउंट चलाती है। आरोप है कि वह अपने पास पढ़ने वाले 6 से 10 साल के बच्चों से स्क्रिप्टेड वीडियो शूट करा रही थी।
वायरल रील में बच्चे अपने सामान और बोतल चोरी होने की बात कहते हैं, जिस पर ट्यूटर द्वारा चोर के बारे में पूछे जाने पर बच्चे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हैं और खुद को “छोटे कॉकरोच” बताते हैं।
बच्चों के ब्रेनवाश और नफरत फैलाने का आरोप
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे बच्चों के मन में प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार के खिलाफ नफरत भरने तथा उनका ब्रेनवाश करने की साजिश करार दिया। शिकायत मिलने पर एटा पुलिस ने महिला ट्यूटर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मानवाधिकार आयोग ने मांगी दो हफ्ते में रिपोर्ट
मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने भी इस पर कड़ा रुख अपनाया है। मानवाधिकार आयोग ने मेटा इंडिया (Meta India), इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्रालय (MeitY) और एटा जिला प्रशासन को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
