रायपुर के मोवा में होर्डिंग पोल से मिला युवक का शव
रायपुर के मोवा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। अंबुजा मॉल के सामने होर्डिंग पोल से गमछे के सहारे युवक का शव लटका मिला।
शव मिलने की जानकारी के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सिर पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध
जानकारी के मुताबिक, मोवा थाना इलाके में किया कार शोरूम के पास होर्डिंग पोल से युवक का शव लटका मिला। प्रारंभिक जांच में युवक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं।
मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना के बाद फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
फिलहाल युवक की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह है, यह स्पष्ट नहीं है। मौत के कारणों का खुलासा पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा।
