बजट पेश होने के दूसरे दिन सोमवार को शेयर बाजार की शुरुआत निगेटिव रही। प्रमुख इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी-50 लाल निशान पर खुले। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 167.26 अंक (0.21%) की गिरावट के साथ 80,555.68 पर ओपन हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी-50 28.95 अंक (0.12%) लुढ़ककर लगभग 24,796.50 के स्तर पर खुला।
हालांकि शुरुआती कारोबार में ही बाजार में तेजी देखने को मिली और दोनों इंडेक्स लाल से हरे निशान पर ट्रेड करने लगे। सुबह 9:35 बजे तक सेंसेक्स 238 अंकों की तेजी के साथ 80,961 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी-50 लगभग 63 अंकों बढ़कर 24,888 के लेवल पर ट्रेड कर रही थी।
बीएसई के टॉप गेनर्स में अडाणी पोर्ट, एटरनल, पॉवरग्रिड और रिलायंस शामिल रहे, वहीं टॉप लूजर लिस्ट में ट्रेंट, टाइटन, आईटीसी और एनटीपीसी रहे।
इससे पहले, रविवार को बजट पेश होने के बाद शेयर बाजार में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली थी। दोनों प्रमुख इंडेक्स लाल निशान पर बंद हुए। सेंसेक्स 1,546.84 अंक (1.88%) की गिरावट के साथ 80,722.94 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी-50 495.20 अंक (1.96%) गिरकर 24,825.45 के स्तर पर बंद हुआ।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस बजट को शेयर बाजार ने काफी नकारात्मक रूप में लिया, जिससे निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई और बाजार की शुरुआत निगेटिव रही।
