भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाला टी20 वर्ल्ड कप 2026 आगामी 7 फरवरी से शुरू होगा, जबकि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा। टी20 क्रिकेट के इतिहास में यह पहला मौका होगा, जब वर्ल्ड कप में कुल 20 टीमें हिस्सा लेती नजर आएंगी। टूर्नामेंट के प्रारूप के तहत पांच टीमों के चार ग्रुप बनाए गए हैं। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सुपर-8 में जगह बनाएंगी, जिसके बाद सुपर-8 की सर्वश्रेष्ठ चार टीमें नॉकआउट चरण में प्रवेश करेंगी।
टी20 वर्ल्ड कप 2026: ग्रुप और टीमें
ग्रुप A में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड्स, पाकिस्तान और अमेरिका को शामिल किया गया है। भारतीय टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में होगी। टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलन देखने को मिलता है।
ग्रुप B में ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, जिम्बाब्वे, आयरलैंड और ओमान को रखा गया है। ऑस्ट्रेलियाई टीम की अगुवाई मिशेल मार्श करेंगे, जबकि श्रीलंका ने शुरुआती स्क्वाड का ऐलान कर दिया है।
ग्रुप C में इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, इटली, नेपाल और स्कॉटलैंड शामिल हैं। इंग्लैंड की कप्तानी हैरी ब्रूक संभालेंगे, वहीं वेस्टइंडीज की टीम शाई होप के नेतृत्व में मैदान में उतरेगी।
ग्रुप D में दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान और कनाडा को जगह मिली है। दक्षिण अफ्रीका की कमान एडेन मार्कराम के हाथों में होगी, जबकि न्यूजीलैंड की कप्तानी मिशेल सेंटनर करेंगे।
इस मेगा इवेंट को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। नए प्रारूप और ज्यादा टीमों की भागीदारी से टूर्नामेंट और अधिक रोमांचक होने की उम्मीद है। भारत और श्रीलंका में खेले जाने वाले इस विश्व कप के जरिए एशिया में एक बार फिर टी20 क्रिकेट का बड़ा उत्सव देखने को मिलेगा।
