रांची रथ यात्रा मेले में चोरी और छिनतई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

रांची में रथ मेला के दौरान चोरी करने वाले गिरोह के आरोपियों को पकड़ती पुलिस टीम

रांची पुलिस ने जगन्नाथपुर रथ यात्रा मेला-2026 के दौरान मोबाइल छिनतई और दुकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। हटिया के सीनियर डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए दो बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को निरुद्ध किया है।

रांची पुलिस ने रथ मेला में सक्रिय चोर गिरोह को पकड़ा

रांची पुलिस ने ऐतिहासिक रथ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं और दुकानदारों को निशाना बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मेले में लगातार बढ़ रही मोबाइल छिनतई और चोरी की वारदातों को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीनियर डीएसपी हटिया नीरज कुमार की अगुवाई में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धुर्वा स्थित जेपी मार्केट और प्रभात तारा मैदान इलाके में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और एक विधि-विरुद्ध किशोर को हिरासत में लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में प्रकाश कुमार और शिवम कुजूर शामिल हैं।

छिनतई की घटनाएं और चोरी का सामान बरामद

पुलिस पूछताछ में गिरोह के सदस्यों ने कई वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपियों ने 20 जुलाई को विधानसभा थाना क्षेत्र से एक रेडमी 5जी मोबाइल फोन चुराया था। इसके बाद 22 जुलाई को धुर्वा थाना क्षेत्र में एक स्कूटी सवार महिला से मोबाइल की छिनतई की घटना को अंजाम दिया था।

इसके अतिरिक्त 23 जुलाई की रात गश्त के दौरान पुलिस ने गिरोह के एक अन्य सदस्य को पकड़ा, जिसके कब्जे से रथ मेले की दुकानों से चोरी किए गए सैंडल, बैग और अन्य सामान बरामद किए गए।

बाइक और चोरी के मोबाइल जब्त

छापेमारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों के पास से छीना गया रेडमी 5जी मोबाइल फोन, एक आर1-5 मोटरसाइकिल, एक जिग्सर बाइक और मेले की दुकानों से चोरी किया गया विभिन्न सामान जब्त किया है।

इस सफल कार्रवाई में सीनियर डीएसपी नीरज कुमार के साथ धुर्वा थाना प्रभारी अनिल कुमार तिवारी, विधानसभा थाना प्रभारी दिनेश ठाकुर तथा अन्य पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *