लातेहार बस हादसा: महुआडांड़ में दुर्घटना में मृतकों की संख्या 10 पहुंची
लातेहार: जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के ओरसा घाटी में रविवार को हुई बस दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। एसडीएम विपिन कुमार दुबे ने इसकी पुष्टि की। हादसे में पांच लोगों की मौत घटनास्थल पर हुई थी, जबकि पांच अन्य की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों में चार महिलाएं और छह पुरुष शामिल हैं।
करीब 40 लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है, जबकि 35 से अधिक घायल महुआडांड़ में इलाज करा रहे हैं। सभी मृतक छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रहने वाले थे। ये लोग एक रिजर्व बस से बलरामपुर से महुआडांड़ के लोध गांव किसी वैवाहिक कार्यक्रम में जा रहे थे। दुर्घटना उस समय हुई जब बस का ब्रेक फेल हो गया।
छत्तीसगढ़ सरपंच संघ के अध्यक्ष संतोष इंजीनियर ने बताया कि जिस सड़क पर हादसा हुआ, उसमें भारी तकनीकी खामियां हैं। उन्होंने कहा कि सड़क का ढलान 15 डिग्री से अधिक नहीं होना चाहिए था, जबकि यहां लगभग 30 डिग्री का ढलान था, जिससे ब्रेक फेल हुआ और बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे तकनीकी फॉल्ट अन्य स्थानों पर भी मौजूद हैं, जो भविष्य में हादसे का कारण बन सकते हैं।
बस की क्षमता 45 थी, लेकिन इसमें 90 से अधिक लोग सवार थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े समारोहों के दौरान वाहन अक्सर ओवरलोड होकर चलते हैं, और प्रशासन को इसे रोकने के उपाय करने चाहिए।
एसडीएम विपिन कुमार दुबे ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। आसपास के प्रखंडों से स्वास्थ्य कर्मियों और एंबुलेंस बुलाकर घायलों का प्राथमिक इलाज कराया गया। लातेहार और गुमला जिलों से अतिरिक्त चिकित्सक और एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई। निजी अस्पतालों के नर्सिंग स्टाफ को भी अलर्ट किया गया। तत्परता के कारण कई लोगों की जान बचाई जा सकी।
मृतकों की पहचान: सीतापति देवी, प्रेमा देवी, सोनामती देवी, रेशन्ति चेरवा, सुखना भुइयां, विजय नगेसिया, लीलावती सोनवानी, रमेश मनिका, फगुआ राम और परशुराम सोनवानी।
