‘हम पर दबाव नहीं बनाया जा सकता…’ भारत में टी20 वर्ल्ड कप खेलने को लेकर बांग्लादेश का दो टूक बयान

'हम पर दबाव नहीं बनाया जा सकता…' भारत में टी20 वर्ल्ड कप खेलने को लेकर बांग्लादेश का दो टूक बयान

बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नज्रुल ने मंगलवार को साफ किया कि टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत जाने के मामले में बांग्लादेश अपने फैसले पर अडिग है। उन्होंने कहा कि अगर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) भारतीय दबाव में आकर कोई भी अनुचित शर्त थोपने की कोशिश करती है, तो बांग्लादेश उसे मानने वाला नहीं है।

नज्रुल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “अगर ICC, भारतीय क्रिकेट बोर्ड के दबाव में झुकती है और हम पर कोई अतार्किक शर्त लगाने की कोशिश करती है, तो बांग्लादेश उसे स्वीकार नहीं करेगा।”

उन्होंने आगे कहा कि पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जब पाकिस्तान ने भारत में खेलने से इनकार किया था और तब ICC ने मैचों का वेन्यू बदल दिया था। नज्रुल के मुताबिक, बांग्लादेश ने भी ठोस और तार्किक आधार पर वेन्यू बदलने की मांग की है और उस पर दबाव बनाकर भारत में खेलने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता।

इससे पहले मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि ICC ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को 21 जनवरी तक अंतिम फैसला लेने की समय-सीमा दी है। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई थी कि अगर बांग्लादेश भारत में अपने मैच खेलने से मना करता है, तो उसकी जगह किसी दूसरी टीम को शामिल किया जा सकता है, जिसमें रैंकिंग के आधार पर स्कॉटलैंड का नाम सामने आ रहा है।

बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप को लेकर बने गतिरोध को खत्म करने के लिए ICC और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। ICC का कहना है कि फाइनल शेड्यूल जारी होने के बाद टीमों को एक वेन्यू से दूसरे वेन्यू पर शिफ्ट करना संभव नहीं है। वहीं बांग्लादेश सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में अपने मैच खेलने से लगातार इनकार कर रहा है।

इस बीच बांग्लादेश ने ICC को यह सुझाव भी दिया था कि उनकी टीम को ग्रुप बी में आयरलैंड से बदल दिया जाए, ताकि वे अपने सभी ग्रुप मैच श्रीलंका में खेल सकें। हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक ICC ने इस प्रस्ताव को भी ठुकरा दिया है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *