बुधवार, 21 जनवरी की सुबह घरेलू वायदा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखी गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोना लगभग 2.70 प्रतिशत की बढ़त के साथ नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। वहीं, चांदी की कीमतों में भी मजबूती दर्ज की गई। विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका और यूरोप के बीच बढ़ते व्यापारिक तनाव, डॉलर में कमजोरी और सुरक्षित निवेश की बढ़ती प्रवृत्ति इस तेजी के मुख्य कारण हैं।
सुबह लगभग 9:30 बजे एमसीएक्स पर फरवरी डिलीवरी वाला सोना 1,54,628 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था, जो अब तक का उच्चतम स्तर है। इसी तरह, मार्च वायदा चांदी 0.51 प्रतिशत की बढ़त के साथ 3,25,326 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
अमेरिका-यूरोप तनाव बढ़ा निवेशकों की चिंता
वैश्विक निवेशक अमेरिका और यूरोपीय संघ के बीच गहरे होते व्यापारिक विवाद को लेकर चिंतित हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यूरोपीय संसद जुलाई में हुए अमेरिकी व्यापार समझौते को मंजूरी देने की प्रक्रिया रोक सकती है। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ग्रीनलैंड को लेकर बयानों ने भू-राजनीतिक अनिश्चितता और बढ़ा दी है।
टैरिफ की घोषणा ने बढ़ाई बाजार में हलचल
अमेरिका ने 1 फरवरी से आठ यूरोपीय देशों पर 10 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की है और संकेत दिया है कि जून 2026 से यह बढ़कर 25 प्रतिशत हो सकता है। इसके जवाब में यूरोपीय देश ‘एंटी-कोर्शन इंस्ट्रूमेंट’ जैसी विशेष व्यापार सुरक्षा प्रणाली लागू करने पर विचार कर रहे हैं। इन घटनाओं ने वैश्विक बाजारों में अस्थिरता बढ़ा दी है।
सुरक्षित निवेश की ओर रुझान
बढ़ते व्यापारिक तनाव के चलते निवेशक जोखिम भरी संपत्तियों से दूरी बनाकर सोना और चांदी जैसे सुरक्षित विकल्पों की ओर बढ़ रहे हैं। इसके साथ ही अमेरिकी डॉलर में आई कमजोरी ने भी कीमती धातुओं की कीमतों को समर्थन दिया है।
विशेषज्ञों की राय
पृथ्वीफिनमार्ट कमोडिटी रिसर्च के मनोज कुमार जैन ने बताया कि ट्रेड वॉर की आशंकाएं और वैश्विक अनिश्चितता ने सोना-चांदी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। वैश्विक शेयर बाजारों में गिरावट के कारण सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ी, जिससे कीमती धातुओं को लाभ हुआ है।
कुल मिलाकर, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनिश्चितता बनी रहने तक सोने और चांदी की कीमतों में मजबूती का रुझान जारी रहने की संभावना है।
