दिल्ली के सीमापुरी इलाके में मछली मंडी के पास बुधवार दोपहर एक चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद मलबे में 15 से अधिक लोगों के दबे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
सीमापुरी में दर्दनाक हादसा, मलबे से 4 लोग निकाले गए
राजधानी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार को एक बहुमंजिला इमारत का अगला हिस्सा अचानक गिर जाने से हड़कंप मच गया। हादसे की सूचना मिलने के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। मलबे में दबे लोगों को निकालने का काम तेजी से जारी है और अब तक दो बच्चों समेत चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
मछली मंडी के पास बनी थी 25 गज की इमारत
यह हादसा सीमापुरी स्थित मछली मंडी के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, महज 25 गज की जमीन पर बनी यह चार मंजिला इमारत पिछले साल ही निर्मित हुई थी। इमारत के निचले हिस्से में दुकानें थीं और ऊपरी मंजिलों पर लोग रह रहे थे। अचानक इमारत का हिस्सा गिरने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग मलबे की चपेट में आ गए।
दोपहर 3:15 बजे दमकल विभाग को मिली सूचना
फायर कंट्रोल रूम को दोपहर 3 बजकर 15 मिनट पर इमारत ढहने की जानकारी मिली, जिसके बाद बचाव दल राहत सामग्री और उपकरणों के साथ घटनास्थल पर रवाना हुए। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं। राहत कार्यों में बाधा न आए और सुरक्षा बनी रहे, इसके लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सीमापुरी क्षेत्र के आसपास यातायात अलर्ट जारी किया है।
