छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। कुनकुरी पुलिस ने 8 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराते हुए मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि दो पुराने मामलों में फरार चल रहे 5 अन्य आरोपियों को भी पकड़ा है।
पैदल झारखंड ले जाए जा रहे 8 गौवंश मुक्त
जशपुर जिले की कुनकुरी पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर गौवंशों को क्रूरतापूर्वक पैदल रस्ते से झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर कार्रवाई की।
पुलिस ने मौके से 8 गौवंशों को सुरक्षित मुक्त कराया और आरोपी अशोक कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी के पास गौवंशों के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस ने उसका मोबाइल और डंडा जब्त कर लिया।
पुराने मामलों में फरार 5 आरोपी भी गिरफ्तार
इस मुख्य कार्रवाई के साथ ही जशपुर पुलिस ने गौ तस्करी के दो पुराने मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 5 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध पशु तस्करी के खिलाफ ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत लगातार निगरानी और छापेमारी की जा रही है।
तस्करी नेटवर्क पर पुलिस की कड़ी नजर
जशपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में गौ तस्करी के नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध परिवहन और पशु क्रूरता में शामिल सभी असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
