जमशेदपुर के कारोबारी निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या

जमशेदपुर के कांदरबेड़ा में बिजनेसमैन निखार सबलोक हत्या कांड के बाद जांच में जुटी पुलिस।

जमशेदपुर के कांदरबेड़ा में सोमवार दोपहर अज्ञात अपराधियों ने 33 वर्षीय कारोबारी निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी। कदमा निवासी निखार अपने होटल ‘थेमाइट स्टोन’ पहुंचे थे, तभी घात लगाए हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। चार गोलियां लगने के बाद टाटा मुख्य अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया।

होटल ‘थेमाइट स्टोन’ के बाहर घात लगाकर किया हमला

कदमा थाना क्षेत्र स्थित विजया हेरिटेज के निवासी 33 वर्षीय युवा व्यवसाई निखार सबलोक सोमवार दोपहर अपने व्यावसायिक कार्यों के सिलसिले में कांदरबेड़ा स्थित होटल ‘थेमाइट स्टोन’ पहुंचे थे। जैसे ही वे होटल के समीप पहुंचे, वहां पहले से घात लगाकर बैठे हथियारबंद अपराधियों ने उन पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

इस हमले में निखार सबलोक को चार गोलियां लगीं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों ने गंभीर अवस्था में उन्हें टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज, पूरे जिले में अलर्ट

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और क्षेत्र को सील कर दिया। पुलिस होटल ‘थेमाइट स्टोन’ व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों के चेहरे और भागने के रास्ते की पहचान की जा सके।

व्यावसायिक रंजिश और रंगदारी के कोण से जांच

दिनदहाड़े हुई इस हत्या से जमशेदपुर के व्यापारिक समुदाय में डर और रोष का माहौल है। पुलिस की विशेष टीमें गठित कर संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। शुरुआती जांच में पुलिस आपसी रंजिश, व्यावसायिक विवाद और रंगदारी जैसे बिंदुओं पर गहराई से पड़ताल कर रही है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *