कन्नौज: दबंगों की मारपीट से आहत लाइनमैन ट्रांसफार्मर पर चढ़ा

कन्नौज के सौरिख में दबंगों की मारपीट से परेशान होकर ट्रांसफार्मर पर चढ़ा लाइनमैन

कन्नौज जिले के सौरिख विद्युत उपखंड में दबंगों की मारपीट से आहत लाइनमैन पुष्पेंद्र राजपूत 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया। करीब तीन घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद एसडीओ के कार्रवाई के आश्वासन पर कर्मचारी नीचे उतरा। पीड़ित ने पुलिस में तहरीर दी है।

बकाया बिल पर कनेक्शन काटने को लेकर दबंगों ने की मारपीट

कन्नौज जिले के सौरिख विद्युत उपखंड से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां तैनात बिजली विभाग के लाइनमैन पुष्पेंद्र राजपूत पर बहवलपुर के पास चार लोगों ने हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि बिजली का बिल बकाया होने के कारण कनेक्शन काटे जाने से नाराज लोगों ने लाइनमैन के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया। इस हमले से आहत होकर कर्मचारी सीधे सौरिख बिजली घर पहुंचा।

3 घंटे तक 10 MVA ट्रांसफार्मर पर बैठा रहा कर्मचारी

घटना से आक्रोशित लाइनमैन पुष्पेंद्र अपनी जान जोखिम में डालकर बिजली घर के 10 एमवीए ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया। कर्मचारी करीब तीन घंटे तक ट्रांसफार्मर पर बैठा रहा और मौके पर जेई तथा एसडीओ को बुलाने की मांग करता रहा।

सूचना मिलते ही लाइनमैन के परिजन भी उपखंड कार्यालय पहुंचे, जहां उनकी अधिकारियों के साथ तीखी बहस हुई। देर रात एसडीओ ने मौके पर पहुंचकर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लाइनमैन ट्रांसफार्मर से नीचे उतरा।

बिजली विभाग के अधिकारियों पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप

नीचे उतरने के बाद पीड़ित लाइनमैन ने सौरिख थाने में आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। इसके साथ ही पुष्पेंद्र राजपूत ने सौरिख उपखंड में तैनात जेई पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं।

लाइनमैन का आरोप है कि यदि उच्च अधिकारियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो उल्टा उसी पर कार्रवाई कर दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि सौरिख क्षेत्र तिर्वा विधानसभा में आता है, जहां के विधायक कैलाश राजपूत प्रदेश सरकार में ऊर्जा राज्य मंत्री हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *