एमसीबी जिले की जनकपुर पुलिस ने नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में करीब 14 साल से फरार आरोपी वीर सिंह सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के गुन्नौर क्षेत्र से धर दबोचा। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को उप जेल मनेंद्रगढ़ भेज दिया गया है।
14 साल पुराने मामले में पुलिस को मिली सफलता
एमसीबी जिले की जनकपुर पुलिस को एक लंबे समय से पेंडिंग मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में करीब 14 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी वीर सिंह सिसोदिया को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
नवंबर 2014 का है पूरा मामला
मामला थाना जनकपुर क्षेत्र का है, जहां प्रार्थी ने अपनी नाबालिग बेटी को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपहृत नाबालिग बालिका को बरामद कर लिया था। बालिका के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी वीर सिंह सिसोदिया के खिलाफ जांच और तलाश शुरू की थी।
मध्य प्रदेश के पन्ना से हुई गिरफ्तारी
घटना के बाद से ही आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। हाल ही में पुलिस टीम को सटीक जानकारी मिली कि आरोपी मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के गुन्नौर क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही जनकपुर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड पर उप जेल मनेंद्रगढ़ भेज दिया गया है।
