रांची के तुपुदाना थाना क्षेत्र स्थित ION डिजिटल एग्जाम सेंटर के पास पुलिस ने देसी कट्टे के साथ एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। 21 अगस्त की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने धुर्वा के सेक्टर-2 निवासी नाबालिग को घेराबंदी कर पकड़ा और उसके कब्जे से हथियार बरामद किया।
एग्जाम सेंटर के पास संदिग्ध हालत में मिला नाबालिग रांची के तुपुदाना थाना क्षेत्र अंतर्गत इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित ION डिजिटल एग्जाम सेंटर के पास पुलिस ने एक नाबालिग को अवैध हथियार के साथ पकड़ा है। पुलिस को सूचना मिली थी कि सेंटर के पास नारंगी गमछा और सफेद चेक शर्ट पहने एक संदिग्ध युवक देसी कट्टा लेकर घूम रहा है।
पुलिस को देखकर भागने का प्रयास, घेराबंदी कर पकड़ा गया वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने परीक्षा केंद्र के आसपास तलाश शुरू की। सेंटर से लगभग 300 मीटर की दूरी पर पुलिस को देखकर नाबालिग भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर उसे धर दबोचा और तलाशी लेने पर उसके पास से देसी कट्टा बरामद किया।
किसी अन्य व्यक्ति ने दिया था हथियार, जांच जारी पूछताछ में पकड़े गए नाबालिग ने खुद को धुर्वा थाना क्षेत्र के सेक्टर-2 का निवासी बताया है। उसने खुलासा किया कि यह देसी कट्टा उसे किसी अन्य व्यक्ति ने सौंपा था। नाबालिग से मिले सुरागों के आधार पर तुपुदाना थाना पुलिस मुख्य आरोपी की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।
