पेटरवार प्रखंड में लगा विशेष लर्निंग लाइसेंस शिविर
बोकारो: बेरमो अनुमंडल के पेटरवार प्रखंड कार्यालय सभागार में झारखंड सरकार के परिवहन मंत्री एवं बोकारो उपायुक्त के निर्देश पर परिवहन विभाग द्वारा विशेष ड्राइविंग लाइसेंस नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति (लर्निंग लाइसेंस) शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके प्रखंड स्तर पर ही लर्निंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराना, समय और खर्च की बचत करना तथा सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना था।
197 आवेदन, 67 अभ्यर्थियों का हुआ टेस्ट
शिविर के दौरान कुल 197 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 67 आवेदकों का लर्निंग लाइसेंस टेस्ट लिया गया।
टेस्ट के परिणाम में 49 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए, जबकि 18 अभ्यर्थी सफल नहीं हो सके।
शेष आवेदनों का होगा अगले शिविर में निष्पादन
परिवहन विभाग ने बताया कि शेष 130 आवेदनों का निष्पादन प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर अगली तिथि निर्धारित करने के बाद प्रखंड कार्यालय में आयोजित होने वाले अगले शिविर में किया जाएगा।
जो आवेदक टेस्ट में सफल नहीं हो सके, वे ₹200 का चालान जमा कर दोबारा आवेदन कर सकते हैं।
दस्तावेज सत्यापन के बाद हुई परीक्षा
शिविर में सभी आवेदकों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। सत्यापन के बाद पात्र अभ्यर्थियों का टेस्ट लिया गया और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद लर्निंग लाइसेंस जारी किए जाने की जानकारी दी गई।
सड़क सुरक्षा नियमों की भी दी गई जानकारी
शिविर के दौरान उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षित वाहन संचालन के लिए आवश्यक नियमों की जानकारी भी दी।
यह शिविर मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर अमित कुमार महतो, आशीष भारद्वाज, गोविंद प्रताप सिंह और संतोष चौबे की देखरेख में आयोजित किया गया। शिविर में पेटरवार प्रखंड और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा एवं युवतियों ने भाग लिया।
