रायपुर के शंकरनगर में दुकानें आवंटित होने के बाद ‘खालसा स्कूल निगम कॉम्प्लेक्स व्यापारी समिति’ ने नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर महापौर मीनल चौबे से मुलाकात की। व्यापारियों ने ज्ञापन सौंपकर दुकानों की संरचना ‘U’, ‘L’ या ‘J’ आकार में कराने का अनुरोध किया ताकि बेहतर फ्रंट और पार्किंग सुविधा मिल सके।
शंकरनगर में 69 दुकानों का लॉटरी से आवंटन
वर्ष 2017 में खालसा स्कूल के सामने पंडरी मार्ग से ऑक्सीजोन क्षेत्र निर्माण के दौरान 69 दुकानों को हटाया गया था। रायपुर नगर निगम द्वारा महापौर मीनल चौबे के निर्देशों पर बाजार एवं राजस्व विभाग ने लॉटरी पद्धति के माध्यम से इन प्रभावित 69 दुकानदारों को शंकरनगर स्थित किस्टल आर्केड के सामने व्यवस्थापन दुकानें आवंटित की हैं।
व्यापारियों ने महापौर कार्यालय में सौंपा ज्ञापन
लॉटरी आवंटन के बाद ‘खालसा स्कूल निगम कॉम्प्लेक्स व्यापारी समिति’ के प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर नगर निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन पहुंचकर महापौर मीनल चौबे से मुलाकात की। अनिरुद्ध दुबे, भारती सोनवानी, उमेश नामदेव, परेश चौहान और जितेंद्र मंडल सहित अन्य व्यवसायियों ने महापौर को ज्ञापन सौंपकर अपनी व्यावहारिक समस्याओं से अवगत कराया।
दुकानों की संरचना बदलने का अनुरोध
व्यापारियों ने महापौर से अनुरोध किया है कि शंकरनगर में दी जाने वाली 69 दुकानों की संरचना ‘U’, ‘L’ या ‘J’ आकार में कराई जाए।
व्यवसायियों के अनुसार, इस विशेष आकार में निर्माण होने से सभी विस्थापित दुकानदारों को अपनी दुकानों के लिए बेहतर फ्रंट मिल सकेगा। इसके साथ ही वहां आने वाले ग्राहकों के लिए वाहन पार्किंग की पर्याप्त सुविधा भी उपलब्ध हो सकेगी।
