बोकारो में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
बोकारो: जिले के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर चंद्रपुरा थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। बेरमो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रबिन्द्र कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में कार्रवाई की जानकारी दी।
कामेश्वर कुमार के घर से भारी मात्रा में शराब बरामद
पुलिस के अनुसार, चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम तेलो पूर्वी, बहियार टांड, हनुमान मंदिर के सामने स्थित कामेश्वर कुमार (पिता- राजेंद्र महतो) के घर पर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान अवैध रूप से निर्मित शराब और शराब निर्माण में प्रयुक्त होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की गई।
पूछताछ के बाद तीन अन्य ठिकानों पर कार्रवाई
कामेश्वर कुमार से पूछताछ के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर विनय कुमार (पिता- राधेश्याम वर्णवाल), ग्राम तेलो पश्चिमी ऊपर टोला, दिनेश प्रजापति (पिता- स्व. पूरन पंडित), ग्राम तेलो मध्य, थाना चंद्रपुरा तथा कृष्णा कुमार (पिता- किशोर कुमार महतो), ग्राम तुपकाडीह, थाना जरीडीह के घरों पर भी छापेमारी की।
इन ठिकानों से भी अवैध रूप से निर्मित विदेशी शराब बरामद की गई। मामले में चंद्रपुरा थाना कांड संख्या 75/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 274, 275, 318(4), 338, 336(3), 340(2), 3(5) तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(A) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भारी मात्रा में विदेशी शराब और सामग्री जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 15 पेटी ब्लैक टाइगर व्हिस्की, 12 पेटी ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की, 3 पेटी एमसी डॉवेल नं.1 व्हिस्की, 3 पेटी रॉयल चैलेंजर व्हिस्की, 4 पेटी स्टर्लिंग रिजर्व बी7 व्हिस्की, बड़ी संख्या में खाली बोतलें, ढक्कन, स्टिकर तथा पांच मोबाइल फोन जब्त किए।

पहले से भी दर्ज हैं मामले
पुलिस ने बताया कि कामेश्वर महतो के विरुद्ध पहले से भी विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं।
छापेमारी दल में कई अधिकारी शामिल
इस अभियान में चंद्रपुरा थाना प्रभारी पु.अ.नि. विक्रम कुमार, दुगदा थाना प्रभारी पु.अ.नि. मनीष कुमार, बोकारो झरिया ओपी प्रभारी पु.अ.नि. श्रीनिवास सिंह, उत्पाद विभाग के अ.नि. महेश कुमार दास, पु.अ.नि. कुंदन कुमार पासवान सहित चंद्रपुरा थाना, दुगदा थाना, बोकारो झरिया ओपी के सशस्त्र एवं लाठी बल के जवान शामिल रहे।
